राजस्थान का सदाबहार हिल स्टेशन माउंट आबू
राजस्थान के सूखे रेगिस्तान में, माउण्ट आबू एक ताज़ा हवा की तरह है। अरावली की पहाड़ियों की सबसे अधिक ऊँचाई पर, लगभग 1,722 मीटर समुद्र तल से ऊपर माउण्ट आबू राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन है। महाराजाओं के शासन के समय शाही परिवारों के लिए, अवकाश बिताने का यह सर्वाधिक पसंदीदा स्थल हुआ करता था।
यहाँ पर बने विशाल, आरामदेय बड़े-बड़े घर, ब्रिटिश स्टाइल के बंगले, हॉलिडे लॉज अपना अलग अनोखा अन्दाज दर्शाते हैं, वहीं दूसरी तरफ यहाँ के जंगलों में बसने वाली आदिवासी जातियों के डेरे भी देखे जा सकते हैं।
प्राकृतिक सौन्दर्य से भरपूर इस हिल स्टेशन में बहुत से हरे-भरे जंगल, झरने और झीले हैं। इस क्षेत्र में फलने-फूलने वाले अदभुत प्रजाति के पौधे, फूल और वृक्ष भी अचम्भित करते हैं। माउण्ट आबू में एक अभ्यारण्य भी है जिसमें लंगूर, सांभर, जंगली सूअर और चीते भी देखे जा सकते हैं। माउण्ड आबू कई धार्मिक स्मारकों के लिए भी प्रसिद्ध है जिसमें दिलवाड़ा के मंदिर, ब्रह्माकुमारी आश्रम, गुरूशिखर और जैन-तीर्थ मुख्य हैं। प्राकृतिक सुन्दता के गंतव्य के साथ ही माउण्ट आबू एक पवित्र तीर्थ-स्थल भी हैं।
माउण्ट आबू के मध्य में स्थित ’नक्की लेक’ भारत की पहली मानव निर्मित झील है। लगभग 80 फ़ुट गहरी और 1/4 मील चौड़ी इस झील को देखे बिना, माउण्ट आबू की यात्रा पूरी नहीं मानी जाती। कई किंवदंतियों में से एक किंवदंती यह है कि इस झील को देवताओं ने अपने नाख़ूनों से खोद कर बनाया था इसी लिए इसका नाम नक्की ( नख यानी नाख़ून) झील पड़ा तथा एक किंवदंती यह है कि ऐसा माना जाता है कि नक्की झील गरासिया जनजाति के लिए बहुत पवित्र झील मानी जाती है; परन्तु इस तथ्य से इन्कार नहीं किया जा सकता कि इस स्थान का दर्शन लाभ आपको प्रकृति और प्राकृतिक दृश्यों के नजदीक लाता है।
जब आप नक्की झील में नाव की सैर करते हैं तो मंत्रमुग्ध करने वाली पहाड़ियाँ, आश्चर्यजनक, अद्भुत आकार की शिलाएं और हरी भरी वादियों से भरपूर नज़ारे आपको अभिभूत कर देते हैं। इसी नक्की झील के पास सन् 1984 में स्व० महात्मा गांधी की अस्थियों का कुछ अंश भी प्रवाहित किया गया था। जिसके बाद गांधी घाट का निर्माण किया गया। प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफर्स के लिए झील का साफ सुथरा नीला पानी, हरी भारी वादियां और चारों तरफ की प्राकृतिक छठा ,रूमानी, कल्पित तथा अद्भुत अंश ,स्वप्निल और तृप्त करने वाले हैं तथा इस आकर्षण भरे स्थल को देखने को बाध्य करते हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें